देश में कोरोना से हाहाकार, 3.46 लाख मामले सामने आए, रिकॉर्ड 2600 लोगों की हुई मौत



इसी के साथ भारत में तीन दिन में कुल मामले करीब 9.94 लाख तक पहुंच गए हैं जो अब तक का रिकॉर्ड है

नई दिल्ली 24 अप्रैल । देश में कोरोना संक्रमण का कहर थमता नजर नहीं आ रहा है। लगातार तीसरे दिन देश में तीन लाख से अधिक मामले सामने आए हैं। शुक्रवार को देश में कुल 3.46 लाख केस सामने आए और रिकॉर्ड 2600 लोगों की मौत हुई। इसी के साथ भारत में तीन दिन में कुल मामले करीब 9.94 लाख तक पहुंच गए हैं जो अब तक का रिकॉर्ड है। ऐसा अब तक दुनिया में किसी भी देश में देखने को नहीं मिला है। इससे पहले अमेरिका में दो अलग अलग दिन चार लाख और तीन लाख से अधिक मामले सामने आए थे। ये लगातार चौथा दिन रहा जब देश में 2000 से अधिक मौतें हुईं। ब्राजील में गुरुवार को 79,719 मामले सामने आए थे, अमेरिका में 62,642 और तुर्की में 54,791 केस सामने आए थे। ये देश कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित माने जाते हैं, लेकिन भारत ने इन सभी को काफी पीछे छोड़ दिया है। चिंता की बात है कि 24 घंटे में पूरी दुनिया में कुल 8.9 लाख मामले सामने आए जिसमें से 37 फीसदी अकेले भारत से हैं। अब तक मुंबई और दिल्ली में कोरोना का कहर सबसे अधिक नजर आ रहा था, लेकिन इस बीच बंगलूरू ने में भी जबरदस्त संक्रमण नजर आ रहा है। देश में किसी भी शहर के मुकाबले यहां सबसे अधिक 1.5 लाख सक्रिय केस हैं। जबकि पुणे में सक्रिय मामलों की संख्या 1.2 लाख है। शीर्ष 10 सबसे प्रभावित शहरों में से पांच महाराष्ट्र से हैं। ये शहर हैं- पुणे, मुंबई, नागपुर, ठाणे और नासिक। हैदराबाद में कुल 94 हजार सक्रिय मामले हैं। अन्य शहर है- लखनऊ, कामरूप मेट्रो और अहमदाबाद। दिल्ली इस सूची में शामिल नहीं है क्योंकि यहां कुल 11 जिले हैं और करीब एक लाख सक्रिय मरीज हैं।